संतोष कुमार/न्यूज11 भारत
चांडिल/डेस्क: शनिवार को ईचागढ़ और तिरुलडीह थाना क्षेत्र का औचक निरीक्षण सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने किया. इस दौरान उन्होंने तिरुलडीह थाना का निरीक्षण करने के बाद कुकड़ू पहुंचकर वर्ष 2016 से बनकर तैयार थाना भवन का भी जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया. इस दौरान तिरुलडीह थाना की पुलिस टीम भी मौजूद रही.
निरीक्षण के दौरान एसपी मनोज स्वर्गियारी ने पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने पुलिसकर्मियों से आम जनता के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार करने, शिकायतों का निष्पक्ष और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट या अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं करने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने अनुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण किए जाते रहेंगे.