न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: हत्या मामले में आरोपी विकास तिर्की को दोषी करार दिया गया है. उसकी सजा के बिंदु पर 19 जून को सुनवाई होगी. अपर न्याययुक्त कुलदीप की कोर्ट ने ये फैसला सुनाया है. हत्या की घटना 15 अगस्त 2021 की है, जो जगरनाथपुर थाना क्षेत्र के न्यू लटमा की है. प्राथमिकी के अनुसार मृतक अर्जुन लिंडा और आरोपी विकास तिर्की समेत दर्जन भर लोग बियर पी रहे थे. उसी क्रम में आरोपी विकास तिर्की मृतक अर्जुन को लेकर चला गया था.
काफी देर बाद भी दोनों वापस नहीं आने पर मृतक के भाई करण लिंडा ढूँढते हुए आरोपी के घर पहुंचा. जहां आरोपी तो था लेकिन मृतक का कोई पता नहीं चला. बाद में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया. जिसके बाद 20 अगस्त को सोलंकी कब्रिस्तान के पास अर्जुन लिंडा का शव सड़ा-गला अवस्था में बरामद किया गया. मामले को लेकर मृतक के भाई करण लिंडा ने आरोपी विकास तिर्की के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए बताया था कि मृतक और आरोपी के बीच पूर्व में विवाद और झगड़ा हुआ था.