प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 डेस्क
गुमला/डेस्क: गुमला और रांची जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में इन दिनों दो जंगली हाथियों के विचरण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. इसी क्रम में बीते शाम पारस डैम के समीप कैरो क्षेत्र में किसानों के खेतों में आये हाथियों को भगाने के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. हाथी भगाने के लिए पहुंची टीम के एक सदस्य पर अचानक एक जंगली हाथी ने हमला कर दिया. हालांकि,सदस्य ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए जमीन पर बैठकर हाथी के हमले से खुद को बचाया और मौका मिलते ही वहां से भाग निकला.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथियों को खेतों से दूर भगाने के लिए टीम के सदस्य मशाल लेकर मौके पर पहुंचे थे.इसी दौरान एक हाथी अचानक उग्र हो गया और टीम के एक सदस्य की ओर हमला करने के लिए दौड़ा.हाथी को अपनी ओर आते देख सदस्य ने घबराने के बजाय तुरंत जमीन पर बैठकर खुद को हाथी की नजर से बचाने का प्रयास किया.इसके बाद जैसे ही हाथी आगे बढ़ सदस्य ने मौका देखकर वहां से भागकर अपनी जान बचाई.
घटना के दौरान मौके पर मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों में भी भय का माहौल उत्पन्न हो गया.कुछ समय के लिए लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.ग्रामीणों का कहना है कि यदि हाथी भगाने वाले सदस्य ने समय रहते सूझबूझ नहीं दिखाई होती तो गंभीर हादसा हो सकता था. बताया जा रहा है कि हाथियों को भगाने के लिए पहुंची टीम रांची जिला वन विभाग से संबंधित है. टीम द्वारा मशाल आदि के माध्यम से हाथियों को आबादी और खेतों से दूर भगाने का प्रयास किया जा रहा था. हालांकि, हाथी के अचानक उग्र होने से टीम के सदस्य को अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागना पड़ा.
इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति द्वारा बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.वीडियो में जंगली हाथी को टीम के सदस्य की ओर आक्रामक तरीके से बढ़ते हुए देखा जा सकता है. घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों में जंगली हाथियों को लेकर भय और बढ़ गया है.ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हाथियों को सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्रों से दूर करने की मांग की है.साथ ही ग्रामीणों से भी हाथियों के नजदीक नहीं जाने और उन्हें भगाने के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है.
इसे भी पढ़ें: सिमडेगा: जंगली हाथी के हमले से दो ग्रामीणों की मौत, गांव में दहशत का माहौल