साहिबगंज/कोलकाता: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संदिग्ध आतंकी हमीम मंडल से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के साहिबगंज से अर्पिता सरकार नामक महिला को गिरफ्तार किया है। अर्पिता हमीम मंडल के लगातार संपर्क में थी और कथित तौर पर संगठित नेटवर्क के लिए हनीट्रैप के जरिए प्रभावशाली लोगों को निशाना बनाने का काम करती थी। एसटीएफ के अनुसार, बर्धमान से गिरफ्तार किए गए संदिग्ध हमीम मंडल से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क के तार किन-किन राज्यों तक फैले हुए हैं और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। अर्पिता सरकार से पूछताछ जारी है। एजेंसियां उसके मोबाइल, डिजिटल डिवाइस और संपर्कों की भी जांच कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से इस कथित नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
गुरुवार को गिरफ्तार हुआ था हमीम मंडल
पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध ऑपरेटिव हमीम मंडल को गुरुवार को बर्धमान शहर के एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में मंडल को उसके किराए के अपार्टमेंट से गिरफ़्तार किया। पुलिस के मुताबिक, उस पर ISI-समर्थित नेटवर्क का हिस्सा होने का शक है। इस नेटवर्क का काम VIPs (जिनमें BJP नेता भी शामिल हैं) के बारे में खुफिया जानकारी जुटाना, लोगों को भर्ती करना और राज्य में संभावित आतंकी गतिविधियों के लिए ज़मीन तैयार करना था।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार की गई महिला अर्पिता सरकार, हमीम मंडल की करीबी सहयोगी और गर्लफ्रेंड है। अधिकारियों ने बताया कि सरकार कथित तौर पर WhatsApp के ज़रिए मंडल के लगातार संपर्क में थी और जांच के दौरान दोनों के बीच हुई बातचीत का रिकॉर्ड भी मिला है।