श्री ओम, फरह, मथुरा: मथुरा के फरह में एएनटीएफ ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। ग्वालियर बाईपास पर कार्रवाई करते हुए टीम ने जैविक खाद की आड़ में ओडिशा से लाई जा रही 2 क्विंटल 51 किलो गांजे की खेप बरामद की है। बरामद गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 25 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कथित सरगना मुकुल फरार है।
2 क्विंटल 51 किलो गांजा बरामद
मामला फरह थाना क्षेत्र में ग्वालियर बाईपास स्थित प्रस्तावित जैन मंदिर, रैपुरा जाट के फील्ड के पास का है। मुखबिर की सूचना पर एएनटीएफ टीम ने एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। ट्रक में ऊपर से जैविक खाद लदी हुई थी, लेकिन तलाशी के दौरान खाद के बीच छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। एएनटीएफ के मुताबिक ट्रक से कुल 2 क्विंटल 51 किलो गांजा बरामद हुआ है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.25 करोड़ रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे से भरे ट्रक के साथ एक बलेनो कार भी जब्त की है।
पांच आरोपी गिरफ्तार
सीओ एएनटीएफ उमेश पवार के अनुसार मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें अलीगढ़ निवासी ललित कुमार गवाना, हरेंद्र कुमार और अभिजीत शर्मा के अलावा ओडिशा निवासी ट्रक चालक जयंतो हलधर और विद्युत हलधर शामिल हैं। पूछताछ में खैर, अलीगढ़ निवासी मुकुल का नाम कथित मुख्य सरगना के रूप में सामने आया है। पुलिस के मुताबिक मुकुल फिलहाल फरार है। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप ओडिशा से कहां के लिए लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
डेढ़ माह में दूसरी बड़ी कार्रवाई
एएनटीएफ की करीब डेढ़ माह में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले भी फरह क्षेत्र में गांजे की बड़ी खेप पकड़ी जा चुकी है। लगातार हो रही कार्रवाई के बाद तस्करी से जुड़े लोगों में खलबली मची हुई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। फिलहाल एएनटीएफ गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। फरार बताए जा रहे कथित सरगना मुकुल की गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क से जुड़े और भी नाम सामने आने की संभावना है।