आनंदपुर से अशुतोष: आनंदपुर-आरोन रोड़ पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कालादेव के छात्र-छात्राओं ने स्कूल की प्राचार्य गीता साहू के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए चक्का जाम कर दिया। गुस्साए छात्रों ने सड़क पर बैठकर प्राचार्य के विरोध में जमकर नारेबाजी की और उन्हें तत्काल पद से हटाने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। सड़क जाम होने के चलते मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और आवागमन बुरी तरह प्रभावित रहा।
तय फीस से ज्यादा वसूली के आरोप
आंदोलन कर रहे छात्रों का आरोप है कि प्राचार्य गीता साहू सरकार द्वारा निर्धारित तय फीस से अधिक राशि वसूल रही हैं। इसके अलावा वे छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार व मारपीट करती हैं और उनसे स्कूल परिसर में पानी भरवाने जैसे कार्य करवाती हैं। इन अव्यवस्थाओं और प्रताड़ना से तंग आकर छात्रों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।
एसडीएम और बीईओ ने संभाला मोर्चा
चक्का जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम लटेरी अनिल कछमारे और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र बघेल तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने आंदोलनकारी छात्रों से बातचीत कर उन्हें समझाने और सड़क जाम खोलने का प्रयास किया। हालांकि, छात्र अपनी मांग पर अड़े हुए हैं कि जब तक प्राचार्य को पद से हटाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे अपना प्रदर्शन समाप्त नहीं करेंगे।