बरेला/मंडला: बरेला-मंडला क्षेत्र से लगे ग्राम मेढ़ी स्थित पेट्रोल पंप पर देर रात हथियारबंद बदमाशों द्वारा लूट की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। घटना 9-10 अगस्त की दरम्यानी रात करीब 2:37 बजे की बताई जा रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस चौकी मनैरी, थाना बीजाडांडी में धारा 310(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
6 से 7 बदमाशों ने की लूट
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार ग्राम मेढ़ी स्थित अतुलित फिलिंग स्टेशन पर रात के समय करीब 6-7 बदमाश पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे तथा उनके हाथों में हथियार थे। बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों को हथियार दिखाकर धमकाया और उनके साथ मारपीट भी की।
बदमाशों ने लूटे 93,875 रुपये
शिकायत में बताया गया है कि बदमाशों ने पेट्रोल पंप के कार्यालय में घुसकर वहां रखे कैश को निशाना बनाया। कार्यालय के कांच के बने दरवाजे का लॉक तोड़कर अंदर रखी पेटी से 49,170 रुपये तथा दूसरी पेटी से 35,305 रुपये निकाले गए। इसके अलावा शिकायतकर्ता के जेब में रखे 9,400 रुपये भी ले जाने की बात सामने आई है। इस प्रकार कुल 93,875 रुपये की नकदी लेकर बदमाश वाहन से फरार हो गए।
पुलिस खंगाल रही कैमरे
वारदात के दौरान बदमाशों द्वारा कर्मचारियों को धमकाने और हथियार दिखाने की बात भी शिकायत में दर्ज है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा पेट्रोल पंप के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने सहित आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।