कुरवाई। विदिशा जिले की कुरवाई नगर परिषद के कार्यालय में बीते 21 अगस्त 2026 को कथित मारपीट और धमकी का मामला सामने आया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पूर्व सीएमओ यासिर खान और आमिर खान के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर परिषद में मारपीट का आरोप
जानकारी के अनुसार FIR में शिकायतकर्ता हर्षित एलिया ने बताया कि वह नगर परिषद कुरवाई में स्थापना शाखा प्रभारी के पद पर कार्यरत है। घटना के समय वह सीएमओ कार्यालय में बैठकर काम कर रहा था। इसी दौरान पूर्व सीएमओ यासिर खान ने कथित रूप से कार्यालय में आकर उसके बारे में आपत्तिजनक बातें कीं। शिकायतकर्ता के अनुसार, विरोध करने पर पूर्व सीएमओ यासिर खान ने उसके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि इसी दौरान यासिर का छोटा भाई आमिर खान भी वहां पहुंच गया और दोनों ने कथित रूप से शिकायतकर्ता के साथ झूमाझटकी एवं मारपीट की। शिकायत में बाल पकड़कर झकझोरने तथा पेट में चोट मारने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित को जान से मारने की धमकी
FIR के अनुसार, घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों आरोपियों ने उसे बाहर मिलने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। घटना के बाद शिकायतकर्ता ने कुरवाई थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
FIR दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच अधिकारी बसंत शक्य, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक को जांच सौंपी है। मामले में पुलिस द्वारा घटनास्थल, प्रत्यक्षदर्शियों एवं अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। हालांकि FIR में लगाए गए आरोप जांच का विषय हैं, आरोपों की पुष्टि न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद ही होगी।


