भोपाल। भेल भोपाल के लगभग तीन हजार कर्मियों के लिए बुधवार को दिल्ली के कॉर्पोरेट कार्यालय के मानव संसाधन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में किए बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी कर्मचारियों को विशेष प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। कॉर्पोरेट एचआर के अपर महाप्रबंधक प्रवीन चौधरी के जारी इंटर ऑफिस पत्र के अनुसार वीडियो कॉफ्रेसिंग के जरिए हुई संयुक्त कमेटी की बैठक में चर्चा के बाद सभी पात्र कर्मचारियों को 35,000 का विशेष प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया गया है।
सर्कुलर में कहा गया है कि यह भुगतान ग्रेड ए 1 और बी 1 से लेकर ए 12 और बी 12 के सभी कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 में दी गई सेवा अवधि के आधार पर प्रो-राटा तर्ज पर दिया जाएगा।
चौधरी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान अनधिकृत अनुपस्थिति की अवधि के लिए कोई भुगतान नहीं किया जाएगा। यह प्रोत्साहन राशि कर्मचारियों को अक्टूबर के वेतन के साथ दिया जाएगा। गौरतलब है कि कर्मचारी वर्ग 40,000 से ज्यादा बोनस की मांग कर रहा था।
भेल यूनियनों ने किया पुतला दहन
उधर भेल की बीएमएस, एचएमएस और सीटू यूनियन ने बुधवार की शाम को भेल प्रबंधन की हठधर्मिता के खिलाफ कड़ा विरोध प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। भेल के द्वार क्रमांक 5 के सामने भेल में हमारा हक, हमारा नारा के तहत सभा लेकर रोष जतााया है। इस मौके पर यूनियन नेताओं ने कहा कि जहां एक ओर भेल का प्रॉफिट 200 प्रतिशत से अधिक बढ़ चुका है। वहीं, कर्मचारियों के दिवाली प्रोत्साहन राशि में सिर्फ 50 प्रतिशत की ही वृद्धि की गई है। इसी का विरोध जताते हुए यूनियनों ने प्रदर्शन किया है।
भेल कर्मियों का महंगाई भत्ता भी बढ़ा
भोपाल। भेल प्रबंधन ने बोर्ड स्तर से नीचे के पदों पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में संशोधन की घोषणा की है। बढ़ा हुआ भत्ता अक्टूबर के वेतन के साथ मिलेगा। भेल के कॉरपोरेट कार्यालय, नई दिल्ली की ओर से जारी परिपत्र के अनुसार वर्ष 2017 के वेतनमान वाले कर्मचारियों के महंगाई भत्ते की दर बढ़ाकर 59.1 प्रतिशत निर्धारित की गई है। संशोधित दर एक अक्टूबर 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। इस निर्णय से निर्धारित वेतनमान के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों को संशोधित दर के अनुसार महंगाई भत्ता मिलेगा। इस परिपत्र को अतिरिक्त महाप्रबंधक मानव संसाधन प्रवीण चौधरी के हस्ताक्षरित से जारी किया गया है।