भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मूंग की शत प्रतिशत सरकारी खरीदी और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग तेज हो गई है। अपनी मांग को लेकर पहुंचे किसानों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच कर रहे करीब दो हजार किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने होशंगाबाद रोड पर बैरिकेडिंग की, जिसके बाद आंदोलनकारी और सुरक्षा बल आमने-सामने आ गए।
किसानों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचना चाहते हैं और समाधान मिलने तक पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। किसान नेताओं ने कहा कि वे अपनी मांगों के समर्थन में सात दिन का राशन और जरूरी सामान लेकर पहुंचे हैं। उनका आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद रास्ते में रोकने और पदाधिकारियों को हिरासत में लेने जैसी कार्रवाई की गई।
हाईवे और आसपास के इलाकों में बढ़ा दबाव
किसानों के भोपाल कूच से शहर के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ। इससे पहले 11 मील बायपास पर भी पुलिस और किसानों के बीच बैरिकेडिंग को लेकर धक्का-मुक्की हुई थी। किसानों के आगे बढ़ने के बाद पुलिस ने होशंगाबाद रोड और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी। कटारा हिल्स रोड पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लगने की जानकारी सामने आई।
मांगों पर अड़े किसान
किसान नेताओं ने सरकार से मूंग की पूरी सरकारी खरीदी और खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उनका कहना है कि किसान लगातार उत्पादन कर रहे हैं, लेकिन खरीदी और कृषि संसाधनों से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल प्रशासन किसानों से बातचीत कर स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है।