भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर मेस की लापरवाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अब लापरवाही का खामियाजा मासूम बच्चों को भुगतना पड़ा। दरअसल, मामला नीलबड़ क्षेत्र के शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय के परिसर का है। यहां बीती देर रात मेस में खाना खाने के बाद 13 बच्चों की हालत बिगड़ गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बच्चे रात में खाना खाने मेस पहुंचे थे। वहां मौजूद सीनियर बच्चों को खाने में कीड़े जैसी कोई चीज दिखने का शक हुआ। एक बच्चे ने चम्मच से उठाकर देखा तो वह छिपकली निकली। यह देखते ही बच्चों में हड़कंप मच गया।
पेट दर्द, उल्टी और जलन की शिकायत
जिन बच्चों ने खाना खा लिया था, उनकी तबीयत कुछ ही देर में बिगड़ने लगी। किसी को पेट में दर्द हुआ, किसी को उल्टी आई तो किसी ने जलन की शिकायत की। स्कूल प्रबंधन को जानकारी मिली तो सभी बच्चों को भोपाल के जयप्रकाश अस्पताल पहुंचाया गया। वहां देर रात तक उनका इलाज चला। फिलहाल बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
एक बीमार छात्र ने बताया कि खाना खाने के बाद अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उसे अस्पताल लाया गया। मौके पर मौजूद शिक्षक ने कहा कि स्कूल प्रबंधन ने घटना की सूचना दी थी, इसके बाद ही बच्चों को इलाज के लिए जयप्रकाश अस्पताल लाया गया।
पहले भी हो चुका फर्जीवाड़ा
बच्चे अब ठीक हैं, लेकिन सवाल बड़ा है। श्रमोदय आवासीय विद्यालय की मेस में ऐसी गड़बड़ियां आखिर कैसे हो रही हैं? अगर खाने में इसी तरह जहरीले जीव गिरते रहे तो बच्चों की सेहत की जिम्मेदारी कौन लेगा? इसी विद्यालय में पहले भी मेस के नाम पर करोड़ों रुपये का फर्जीवाड़ा हो चुका है। इस मामले की जांच ईओडब्ल्यू कर रही है।