MP BJP Core Group Meeting: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर BJP कोर ग्रुप की बैठक हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी और प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब मौजूद रहे। बैठक में राज्यसभा उपचुनाव, आगामी अभियानों, UCC और मोहन सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए हैं।
राज्यसभा उपचुनाव, भेजा जाएगा 4-5 नामों का पैनल
एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई मध्य प्रदेश की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए कोर ग्रुप में चर्चा कई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मध्य प्रदेश से 4 से 5 संभावित उम्मीदवारों का एक पैनल तैयार कर अंतिम मुहर के लिए केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा जाएगा।
'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान
बैठक में निर्णय लिया गया है कि भाजपा प्रदेशभर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान चलाएगी। जिसके तहत भोपाल, इंदौर और जबलपुर में जनरैलियों का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मंत्रियों के नेतृत्व में विशेष टीम
केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए मंत्रियों के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया जाएगा। केंद्र सरकार के प्रत्येक मंत्रालय से मध्य प्रदेश के एक सांसद को जोड़ने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा मंत्रियों, विधायकों और सांसदों के विकास कार्यों एवं प्रदर्शन को सार्वजनिक पोर्टल पर उपलब्ध कराने की योजना पर सहमति बनी है।
निंदा प्रस्ताव पारित
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता पर दी गई टिप्पणी के खिलाफ बैठक में आधिकारिक रूप से निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। तो वही देश और प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने को लेकर चर्चा की गई। साथ ही मोहन यादव सरकार की तीन सालों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई। आने वाले 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।