Rakesh Tripathi BJP: अतीक अहमद के बेटे के एनकाउंटर/मौत पर समाजवादी पार्टी के नेता प्रो. रामगोपाल यादव द्वारा उठाए गए सवालों के बाद भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने सपा पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने अपने शासन में माफिया और अपराधियों को पालने-पोसने का काम किया है।
सपा पर कसा तंज
भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने सपा पर तंज कसते हुए एक फिल्मी गाने की पंक्तियों का सहारा लिया। उन्होंने कहा कि चोट तुझे आए तो दर्द मुझे होता है, भाई-भाई में अक्सर ये होता है... ठीक यही रिश्ता समाजवादी पार्टी और माफियाओं के बीच है। योगी सरकार में जब भी किसी माफिया या अपराधी पर कानून का शिकंजा कसता है, तो सबसे ज्यादा दर्द सपा नेताओं को होता है।
सपा राज में दंगाइयों को संरक्षण
राकेश त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी के पुराने शासनकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि सपा की सरकारों में कानून का नहीं, बल्कि अपराधियों का राज चलता था। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा राज में दंगाइयों और माफियाओं को सरकारी संरक्षण दिया जाता था और उन्हें सरकारी जहाजों में घुमाया जाता था।
योगी सरकार में अपराध जीरो
भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। कानून का डंडा हर उस अपराधी पर चलेगा, जो राज्य की शांति और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देगा।