Amethi Crime News

Amethi Crime: चार दिन से लापता महिला का मालती नदी में मिला शव

संग्रामपुर थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता महिला का शव मंगलवार को खौपुर गांव के पास मालती नदी में लकड़ी के पुल में फंसा मिला।

By : विकास जैन
Amethi Crime: चार दिन से लापता महिला का मालती नदी में मिला शव

Amethi Crime: चार दिन से लापता महिला का मालती नदी में मिला शव

विवेक सिंह, अमेठी: संग्रामपुर थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता महिला का शव मंगलवार को खौपुर गांव के पास मालती नदी में लकड़ी के पुल में फंसा मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की पहचान करनाईपुर गांव निवासी संजू देवी (40) पत्नी राजेश कुमार के रूप में हुई है।

मंगलवार को खौपुर गांव के पास ग्रामीण नदी की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर लकड़ी के पुल में फंसे शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। शव की पहचान कराने के लिए पुलिस ने महिला के परिजनों को मौके पर बुलाया। परिजनों के पहुंचने पर शव की पहचान संजू देवी के रूप में हुई।

चार दिन से लापता थी महिला

परिजनों के अनुसार, संजू देवी करीब चार दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थीं। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चल सका था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दी थी। महिला के चार बच्चे हैं। परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि संजू देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट उनके देवर राजेश की तहरीर पर दर्ज की गई थी। मंगलवार को महिला का शव मालती नदी में लकड़ी के पुल में फंसा मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत कैसे हुई, इसकी वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।