श्रीनिवास त्रिपाठी, अयोध्या: जनपद के कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत सदर तहसील के ठीक सामने स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी )कार्यालय में सोमवार को बारिश के कारण कार्यालय की बाउंड्री वॉल अचानक भरभरा कर गिर गई। इस हादसे की चपेट में आने से वहां खड़े एक मोटरसाइकिल मिस्त्री की मलबे में दबकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान थाना कैंट क्षेत्र के सहादतगंज निवासी रविंदर गौड़ के रूप में हुई है। रविंदर पेशे से मोटरसाइकिल मिस्त्री का काम करते थे। घटना के समय वह सदर तहसील के सामने PWD कार्यालय की दीवार के समीप मौजूद थे, तभी जर्जर दीवार अचानक ढह गई और वह भारी मलबे के नीचे पूरी तरह दब गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले दिनों हुई तेज बारिश के कारण बाउंड्री वॉल के निचले हिस्से और बगल में भारी दलदल व नमी बन गई थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि दीवार की नींव कमजोर हो जाने और पानी के रिसाव के चलते यह हादसा हुआ।
हादसा इतना भीषण था कि दीवार गिरते ही तेज आवाज हुई और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय नागरिक तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से रविंदर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।