ADM Bharatram Yadav Passes Away: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में ADM के पद पर तैनात भरतराम यादव का मंगलवार देर रात लखनऊ स्थित PGI में निधन हो गया। वे हार्ट अटैक और ब्रेन हैमरेज से पीड़ित थे। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। परिजनों के अनुसार, एडीएम भरतराम यादव को पहले दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें तुरंत नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उन्हें ब्रेन हैमरेज भी हो गया। स्वास्थ्य में कोई सुधार न होने पर मंगलवार सुबह उन्हें ग्रीन कॉरिडोर एंबुलेंस के जरिए नोएडा से लखनऊ पीजीआई लाया गया था। हालांकि, मंगलवार रात करीब 10 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
2015 बैच के PCS अफसर थे भरतराम यादव
भरतराम यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जिले के निवासी थे। वे बुलंदशहर में बीते दो सालों से एडीएम के पद पर सेवाएं दे रहे थे। भरतराम 2015 बैच के प्रमोटेड PCS अधिकारी थे। बुलंदशहर में पदोन्नति के बाद एडीएम बनने से पहले वे प्रतापगढ़ जिले में SDM के पद पर तैनात थे।
परिवार में अधिकारी और डॉक्टर
एडीएम भरतराम यादव अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। उनकी बेटी की शादी वर्ष 2020 में मथुरा में तैनात SDM अश्विनी कुमार से हुई थी। उनका बड़ा बेटा चिकित्सा क्षेत्र में है और लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में डॉक्टर के रूप में कार्यरत है, जबकि छोटा बेटा प्रयागराज में रहकर सिविल सर्विसेज परीक्षा की तैयारी कर रहा है।