विवेक सिंह, संग्रामपुर, अमेठी: मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने सोमवार को विकासखंड संग्रामपुर के विभिन्न गांवों में पहुंचकर कृषि गतिविधियों और फसल प्रदर्शनों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान, अरहर और केले की खेती का जायजा लेते हुए किसानों से संवाद किया। सीडीओ ने कृषि अधिकारियों को किसानों को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
खेतों में पहुंचकर देखी उन्नत खेती
निरीक्षण के दौरान ग्राम सरैया बड़गांव में कृषक अनुज कुमार सिंह के खेत पर आत्मा योजना के अंतर्गत संचालित फार्म स्कूल धान प्रदर्शन का जायजा लिया गया। इसके बाद कृषक शैलेन्द्र कुमार सिंह की ओर से की जा रही केले की खेती की जानकारी ली गई। ग्राम मधुपुर खदरी में कृषक संजय कुमार सिंह के खेत पर आत्मनिर्भरता इन पल्सेस योजना के तहत आयोजित अरहर क्लस्टर प्रदर्शन का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान उप कृषि निदेशक, कृषि विभाग के कर्मचारी और लाभार्थी किसान मौजूद रहे।
किसानों से संवाद, पराली प्रबंधन पर जोर
सीडीओ पूजा साहू ने किसानों से बातचीत कर फसलों की स्थिति और कृषि गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने किसानों से पराली नहीं जलाने की अपील करते हुए फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि फसल अवशेषों का सही प्रबंधन खेती और पर्यावरण, दोनों के लिए महत्वपूर्ण है।
तकनीकी प्रशिक्षण से बढ़ेगी खेती की लाभप्रदता
मुख्य विकास अधिकारी ने उप कृषि निदेशक को निर्देश दिया कि किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों का नियमित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। किसानों को नई तकनीकों से जोड़कर खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए, ताकि कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।
पात्र किसानों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
सीडीओ ने शासन और भारत सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र किसानों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से किसानों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने को कहा। साथ ही कृषि उत्पादन बढ़ाने, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।