Gwalior Food Poisoning: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है, यहां जहरीले रतनजोत के फलों को ड्राई फ्रूट समझकर खाने से 12 से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। बच्चों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया है।
ड्राई फ्रूट समझकर खाए रतनजोत फल
मिली जानकारी के अनुसार बच्चों ने खेल-खेल में रतनजोत के फलों को ड्राई फ्रूट समझकर खा लिया था। घर लौटने के कुछ ही देर बाद बच्चों को तेज पेट दर्द, उल्टी और दस्त होने लगे। एक साथ 12 से अधिक बच्चों की हालत बिगड़ने से गांव में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में बच्चों को लेकर जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तो वहां स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं कराया गया। मजबूरी में परिजनों को बच्चों को हाथों में उठाकर और जमीन पर लिटाकर ले जाना पड़ा। बदइंतजामी से आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन पर समय पर इलाज न शुरू करने और लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
बच्चों का इलाज जारी
फिलहाल सभी बीमार बच्चों को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।