विवेक सिंह, संग्रामपुर, अमेठी: शारदीय नवरात्र के नौवें दिन सोमवार को सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने संग्रामपुर स्थित प्रसिद्ध कालिकन धाम पहुंचकर मां कालिका की पूजा-अर्चना की। दर्शन के बाद हवन किया। इसके बाद वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) संग्रामपुर पहुंचे और अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मरीजों से लिया स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक
सीएमओ ने अस्पताल में साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति देखी। उन्होंने मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर दवाओं की उपलब्धता, बेड पर स्वच्छ चादर और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों से मिले फीडबैक के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी जानी।
हरिशंकरी पौधे के विकास का लिया जायजा
सीएमओ ने अस्पताल परिसर में स्वयं रोपित किए गए हरिशंकरी पौधे के विकास को देखा। इस दौरान प्रभारी चिकित्सक डॉ. संतोष सिंह को परिसर में लगे पौधों की नियमित छंटाई, गुड़ाई और सिंचाई कराने की सलाह दी। अस्पताल परिसर में अव्यवस्थित ढंग से खड़ी ट्रॉली को उचित और उपयोगी स्थान पर खड़ा करने का निर्देश भी दिया। निरीक्षण के दौरान डॉ. संतोष सिंह, डॉ. आरिफ इकबाल, एएनएम शीलू सिंह, फार्मासिस्ट बृजेन्द्र यादव, वार्ड बॉय संजय पाठक, गौरव पाण्डेय, रीतेश कुमार और सचिन त्रिपाठी मौजूद रहे।