अंकित पांडेय, भालेसुल्तान: अलीनगर और थौरी के बीच अयोध्या मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 11 बजे स्कूली बस और दूध टैंकर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में RPS स्कूल की बस में सवार बच्चों समेत करीब 24 लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में घायल 15 बच्चों को सीएचसी जगदीशपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों की जांच में दो बच्चों के पैर में फ्रैक्चर मिला है, जबकि अन्य बच्चों को हल्की चोटें आई हैं।
घर छोड़ने जा रही थी बस
छात्र आदर्श ने बताया कि RPS स्कूल की बस बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। अलीनगर और थौरी के बीच अचानक बस की दूध टैंकर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक घर में जा घुसी। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचे परिजन
हादसे की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन सीएचसी जगदीशपुर पहुंच गए। अस्पताल में घायल बच्चों को देखने के लिए परिजनों की भीड़ जुट गई। चिकित्सकों ने बच्चों का उपचार शुरू किया। वहीं, दुर्घटना के कारण अयोध्या मार्ग पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की कतार लग गई।
एएसपी ने बताया 24 लोग घायल
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अलीनगर-थौरी के बीच RPS स्कूल की बस और दूध टैंकर की टक्कर हुई है। हादसे में करीब 24 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। 15 घायल बच्चों को सीएचसी जगदीशपुर भेजा गया है। दो बच्चों के पैर में फ्रैक्चर की जानकारी मिली है, जबकि अन्य घायलों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।