Dhamtari Alert as Cyclone Arnab Raises Dam Levels

CG Cyclone Alert: चक्रवात अर्नब के खतरे के बीच धमतरी में अलर्ट, गंगरेल से कभी भी छूट सकता है पानी

चक्रवात अर्नब के असर से भारी बारिश की आशंका है। गंगरेल बांध से कभी भी पानी छोड़ा जा सकता है। धमतरी प्रशासन ने लोगों से नदी नालों और पुलि पुलियों से दूर रहने की अपील की है।

By : संजय चतुर्वेदी
CG Cyclone Alert: चक्रवात अर्नब के खतरे के बीच धमतरी में अलर्ट, गंगरेल से कभी भी छूट सकता है पानी

Cyclone Weather Update News

रायपुर। चक्रवात अर्नब के असर के चलते भारी बारिश की आशंका है। इतना ही नहीं चक्रवात के चलते आने वाले दिनों में धमतरी और आसपास के इलाकों में दिख सकता है। मौसम के मिजाज को देखते हुए जिला प्रशासन ने जलाशयों पर चौबीस घंटे नजर रखनी शुरू कर दी है। भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज चमक का अनुमान है।

गंगरेल बांध से कभी भी छोड़ा जा सकता है पानी

रविशंकर सागर बांध यानी गंगरेल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में तेज बारिश हुई तो बांध में पानी की आवक अचानक बढ़ सकती है। ऐसे में जलस्तर काबू में रखने के लिए गेट खोलकर बड़ी मात्रा में पानी छोड़ना पड़ सकता है। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला हालात देखकर किसी भी वक्त लिया जा सकता है। इसलिए लोग पहले से सावधान रहें।

अभी तक बांधों की स्थिति

गंगरेल बांध का जलस्तर सुबह सात बजे 345.03 मीटर दर्ज किया गया। इसका पूर्ण जलाशय स्तर 348.70 मीटर है। बांध में पानी की आवक 5904 क्यूसेक रही और जीवित जलभराव क्षमता का 59.53 प्रतिशत हिस्सा भरा हुआ है। दुधावा बांध का जलस्तर 424.03 मीटर है, जबकि इसका पूर्ण जलाशय 425.12 मीटर है। यहां 209 क्यूसेक पानी आ रहा है और बांध 84 से अधिक प्रतिशत तक भर चुका है। मुरुमसिल्ली बांध में जीवित जलभराव क्षमता 90.72 प्रतिशत तक पहुंच गई है। सौंदूर बांध का जलस्तर 469.71 मीटर है और इसका पूर्ण जलाशय स्तर 471.065 मीटर है। यहां 20 क्यूसेक की आवक है और बांध 82.73 प्रतिशत भरा है।

नदी नालों के साथ पुल पुलियाओं से दूर रहने का अलर्ट

प्रशासन ने साफ कहा है कि लोग नदी, नालों पुल पुलियों और तेज बहाव वाली जगहों के आसपास न जाएं। बच्चों और युवाओं को नहाने, मछली पकड़ने या बहते पानी को पार करने की कोशिश से रोकना जरूरी है। अगर किसी पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा हो तो उसे पार करने का जोखिम बिल्कुल न लें। निचले और बाढ़ संभावित इलाकों में रहने वाले परिवार अभी से तैयार रहें। जरूरत पड़ने पर सुरक्षित जगह जाने के लिए बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं को साथ लेने की योजना बनाकर रखें। तेज हवा और बिजली गिरने के दौरान बेवजह घर से न निकलें। बिजली के खंभों, पेड़ों और जर्जर मकानों से दूरी बनाए रखें।

सिर्फ आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें

जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। इसलिए नदी किनारे और निचले इलाकों के लोग मौसम और बांधों से जुड़ी आधिकारिक जानकारी पर ही ध्यान दें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा प्रबंधन दल को खबर दें। अफवाहों पर भरोसा न करें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।