मथुरा/वृंदावन: मथुरा जिले के वृंदावन स्थित वाराह घाट इलाके में संत प्रेमानंद महाराज के ट्रस्ट केली कुंज से जुड़ी गुरु कृपा कुंज बिल्डिंग में एक दुखद घटना सामने आई है। प्रेमानंदजी महाराज के 25 वर्षीय शिष्य रसिक दुलारी शरण ने गुरुवार सुबह चार मंजिला इमारत की छत से कूदकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में उन्हें सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
कमरे से मिला खून से सना ग्राइंडर
पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटना स्थल और उनके कमरे की जांच के दौरान पुलिस को एक ग्राइंडर बरामद हुआ है, जिस पर खून के धब्बे लगे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, कूदने से पहले शिष्य द्वारा ग्राइंडर से खुद के शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचाने की आशंका जताई जा रही है। वाराह घाट स्थित चार मंजिला गुरु कृपा कुंज बिल्डिंग में प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जुड़े लगभग 50 से अधिक शिष्य और सेवादार रहते हैं।
जबलपुर के रहने वाले थे मृतक
मृतक रसिक दुलारी शरण का मूल नाम दीपक लोधी था और वे मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के रहने वाले थे। दो साल पहले वृंदावन आकर उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी और अपना नाम बदलकर रसिक दुलारी शरण रख लिया था। बिजली का काम जानने के कारण आश्रम प्रशासन ने उन्हें बिजली की सेवा सौंपी थी और तीन महीने पहले ही उन्हें इस बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर कमरा मिला था।
मोबाइल डेटा खंगाल रही फॉरेंसिक टीम
घटना गुरुवार सुबह 10 से 11 बजे के बीच की बताई जा रही है। गंभीर हालत में पड़े रहने के बाद साथी शिष्यों की नज़र पड़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दोपहर करीब 2 बजे सर्वोदय अस्पताल द्वारा पुलिस को घटना की सूचना दी गई। क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और कमरे से मिले संदिग्ध सामान को जब्त कर लिया गया है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले मृतक की किससे बात हुई थी और उन्होंने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया। इसके लिए उनके मोबाइल फोन के कॉल डिटेल्स और डेटा की गहन जांच की जा रही है।