Amethi News

Amethi News: आवास मांगने पहुंची दिव्यांग महिला को डीएम ने मौके पर दिलाई ट्राई साइकिल

प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने की उम्मीद लेकर पिंक समाधान दिवस में पहुंची दिव्यांग महिला रेनू को जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने...

By : विकास जैन
Amethi News: आवास मांगने पहुंची दिव्यांग महिला को डीएम ने मौके पर दिलाई ट्राई साइकिल

Amethi News: आवास मांगने पहुंची दिव्यांग महिला को डीएम ने मौके पर दिलाई ट्राई साइकिल

गौरीगंज (अमेठी)। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने की उम्मीद लेकर पिंक समाधान दिवस में पहुंची दिव्यांग महिला रेनू को जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने तत्काल राहत दिलाई। महिला की समस्या सुनने के बाद डीएम ने मौके पर ही उन्हें ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नियमानुसार आवासीय सुविधा और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

आवास की मांग लेकर पहुंची थीं रेनू

शासन के निर्देश पर शनिवार को जिले की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसी क्रम में गौरीगंज तहसील में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत पिंक समाधान दिवस लगा। यहां जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इसी दौरान तिलोई तहसील क्षेत्र के ग्राम भदसाना निवासी दिव्यांग महिला रेनू प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मांगने पहुंचीं। उन्होंने डीएम को बताया कि वह दिव्यांग हैं और उनके पास रहने के लिए आवास की सुविधा नहीं है। उनकी परेशानी सुनकर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया और जिला विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मौके पर मिली ट्राई साइकिल, आवास के लिए भी पहल

रेनू की आवागमन संबंधी परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही उन्हें ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई। इससे उन्हें आने-जाने में सुविधा मिलेगी। तत्काल सहायता मिलने पर महिला ने प्रसन्नता जताई और जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेनू को पात्रता के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जरूरतमंदों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जरूरतमंदों की शिकायतों पर संवेदनशीलता के निर्देश

पिंक समाधान दिवस का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं की सुनवाई के साथ उन्हें समय पर राहत उपलब्ध कराना है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। विशेष रूप से महिलाओं, दिव्यांगजनों और अन्य जरूरतमंदों की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए, ताकि पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।