विवेक सिंह, अमेठी: बस्ती जिले के लालगंज थाने में तैनात महिला सिपाही केसरी वर्मा की शनिवार भोर इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब एक सप्ताह पहले प्रतापगढ़ में सड़क हादसे में उनके सिर में चोट लगी थी। मृतका के पति नागेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया है कि हादसे के बाद इलाज के लिए छुट्टी मांगे जाने के बावजूद एसपी कार्यालय के दो कर्मियों ने छुट्टी देने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि समय से छुट्टी मिल जाती तो पत्नी का बेहतर इलाज हो सकता था और शायद उनकी जान बच जाती।
प्रतापगढ़ में हादसे में घायल हुई थीं केसरी
प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र के बसखोरी गांव निवासी केसरी वर्मा वर्ष 2018 बैच की सिपाही थीं। वहीं उनके पति नागेंद्र वर्मा, अमेठी जिले के संग्रामपुर क्षेत्र के वनबीरपुर गांव निवासी हैं और वर्ष 2020 बैच के सिपाही हैं। दोनों का वर्ष 2023 में विवाह हुआ था। केसरी ने 18 दिसंबर 2025 को लालगंज थाने में कार्यभार ग्रहण किया था। उनके पति भी लालगंज थाने में ही तैनात थे। दोनों बनकटी में किराये का कमरा लेकर रहते थे।
केसरी वर्मा छुट्टी पर अपने मायके गई थीं। 22 अगस्त को ड्यूटी पर लौटने के लिए वह अपने भाई के साथ बाइक से रेलवे स्टेशन जा रही थीं। इसी दौरान प्रतापगढ़ में सड़क हादसे में घायल हो गईं। हादसे में उनके सिर में चोट लगी। इलाज कराने के बाद वह थाने लौट आई थीं और उनका उपचार चल रहा था।
27 अगस्त को छुट्टी मांगने का आरोप
पति नागेंद्र वर्मा का आरोप है कि सिर में चोट लगने के बाद केसरी को इलाज के लिए पर्याप्त छुट्टी नहीं मिल सकी। उनके अनुसार 27 अगस्त को केसरी छुट्टी का आवेदन देने एसपी कार्यालय गई थीं। आरोप है कि वहां दो कर्मियों ने कथित तौर पर यह कहते हुए छुट्टी देने से इनकार कर दिया कि ईएल नहीं मिलेगा और मेडिकल लीव भी नहीं दी जाएगी।
भोर में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मौत
शनिवार भोर करीब तीन बजे अचानक केसरी वर्मा की तबीयत बिगड़ गई। करीब चार बजे उनके पति नागेंद्र उन्हें निजी साधन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत के बाद सिपाही नागेंद्र वर्मा पोस्टमार्टम हाउस पर फूट-फूटकर रोते रहे। उन्होंने लालगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक को लिखित तहरीर देकर एसपी कार्यालय के दो कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान उनका रोते हुए शिकायत करने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद कराया पोस्टमार्टम
मामले की जानकारी मिलने पर सीओ हरैया स्वर्णिमा सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने नागेंद्र को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। बाद में शिकायती पत्र उच्चाधिकारियों को भेजने के आश्वासन के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। लालगंज के प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र चौधरी ने बताया कि महिला सिपाही केसरी वर्मा छुट्टी पर गई थीं और लौटते समय 22 अगस्त को प्रतापगढ़ में हुए हादसे में घायल हो गई थीं। मामले में पति की ओर से शिकायत दी गई है, जिसे उच्चाधिकारियों को भेजा गया है।