MP Indore Fire: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में रविवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। अरविंदो अस्पताल के पास स्थित बीता इंडस्ट्रियल पार्क में ऑयल और पेंट केमिकल से जुड़ी तीन फैक्ट्रियां अचानक भीषण आग की चपेट में आ गईं। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते दो फैक्ट्रियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। इस हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
केमिकल और पेंट के गोदामों में फैली आग
यह भीषण हादसा कालिंदी गोल्ड सिटी के नजदीक स्थित बीटा इंडस्ट्रियल पार्क में हुआ। फैक्ट्रियों में ऑयल, पेंट और अन्य ज्वलनशील केमिकल होने के कारण आग ने चंद मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। दूर-दूर तक आसमान में काले धुएं का गुबार और आग की ऊंची लपटें दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर रवाना हुईं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया। फायर ब्रिगेड की सूझबूझ से आग को आसपास की अन्य फैक्ट्रियों और आवासीय बस्तियों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा संकट टल गया। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की कोई सूचना नहीं मिली है।
घटना की जांच जारी
स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें शॉर्ट सर्किट या अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही हैं। कूलिंग ऑपरेशन पूरा होने और आग पूरी तरह बुझने के बाद ही कुल नुकसान के सही आंकड़े सामने आ सकेंगे।