Raunahi Toll Plaza Firing News

Raunahi Toll Plaza Firing: रौनाही टोल प्लाजा पर आधी रात फायरिंग, युवक को लगी गोली 

सोहावल तहसील के रौनाही थाना क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा पर मंगलवार देर रात टोल टैक्स के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में फायरिंग से सनसनी फैल गई।

By : विकास जैन
Raunahi Toll Plaza Firing: रौनाही टोल प्लाजा पर आधी रात फायरिंग, युवक को लगी गोली 

Raunahi Toll Plaza Firing: रौनाही टोल प्लाजा पर आधी रात फायरिंग, युवक को लगी गोली 

श्रीनिवास त्रिपाठी, अयोध्या:  सोहावल तहसील के रौनाही थाना क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा पर मंगलवार देर रात टोल टैक्स के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में फायरिंग से सनसनी फैल गई। बिना नंबर की थार सवार कुछ युवकों से हुए विवाद के दौरान रौनाही गांव निवासी युवक सुफियान को गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।

टोल टैक्स लेनदेन पर विवाद

घटना रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, रौनाही टोल प्लाजा पर बिना नंबर की थार सवार कुछ लोगों और युवक के बीच टोल टैक्स के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने के बाद फायरिंग की गई, जिसमें रौनाही गांव निवासी सुफियान गोली लगने से घायल हो गया।

चली गोली, मची अफरा तफरी

गोली चलने की घटना से टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई। टोल प्लाजा प्रबंधन की ओर से तत्काल रौनाही पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाने के साथ ही जांच शुरू कर दी। घायल सुफियान को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर रौनाही थानाध्यक्ष रतन शर्मा भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल युवक तथा उसके परिजनों से जानकारी ली।

बिना नंबर की थी थार कार

पुलिस टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही फायरिंग करने वालों की पहचान और घटना के कारणों की जांच में जुटी है। बिना नंबर की थार और उसमें सवार लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर घटना में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।