मंडला। नैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हीरापुर में शनिवार अलसुबह गणेश पंडाल में करंट फैलने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पंडाल में विद्युत कनेक्शन सीधे बिजली के खंभे से लिया गया था। हालांकि करंट फैलने की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
बताया गया कि गणेश पंडाल में रात के समय कुछ युवक सोए हुए थे। सुबह पंडाल में करंट फैलने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में रवि भाँवरे (24), वीरेंद्र भाँवरे (26), कृष्ण कुमार भाँवरे (18) और जेनू भाँवरे (23) की मौत हो गई। वहीं प्रियांश भाँवरे (17) को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए मंडला जिला अस्पताल रेफर किया गया। मौसम भाँवरे (17) और नीरज भाँवरे (22) का उपचार नैनपुर अस्पताल में जारी है।
मौके पर पहुंचा प्रशासन
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम, थाना प्रभारी सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। विद्युत व्यवस्था और पंडाल में किए गए कनेक्शन को लेकर भी जांच की जा रही है।
मंत्री उइके ने परिजनों से की मुलाकात
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके भी हीरापुर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली। इसके बाद मंत्री ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा शोक संवेदना व्यक्त की। मंत्री ने घायलों के उपचार की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है तथा उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
परिजनों को चार-चार लाख की सहायता
हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मंत्री ने दिवंगत युवकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।