ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में सोशल मीडिया पर एक रील वायरल हुई थी। वायरल होते ही इस रील ने कार मालिक की मुश्किल बढ़ा दी। सफेद कलर की डिजायर को करीब 3,400 लिपस्टिक किस के निशानों से सजाकर वीडियो बनाया गया था। रील में कार को पटेल नगर सिटी सेंटर इलाके में तेज रफ्तार से चलाते हुए दिखाया गया। वीडियो वायरल होने के बाद इसे एक दिन में करीब 55 लाख व्यूज मिले। इतना वायरल होते ही यह ट्रैफिक पुलिस की नजरों में भी आ गई
वायरल वीडियो के जरिए कार तक पहुंची पुलिस
दरअसल, वीडियो में दिखाई दे रहे रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस ने कार को ट्रेस किया। इसके बाद कार को ट्रैफिक पुलिस स्टेशन लाया गया और उसके मालिक आदित्य सिकरवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया। पुलिस ने स्टेशन परिसर में हजारों का चालान बनाने के बाद कार से लिपस्टिक के निशान भी साफ करवाए।
कार पर लिपस्टिक लगाने पर क्यों हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मामला सिर्फ कार को सजाने तक सीमित नहीं था। वीडियो में वाहन को तेज रफ्तार से चलाते हुए भी दिखाया गया था। पुलिस ने बताया कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहन में ऐसे बदलाव किए जाने पर कार्रवाई हो सकती है, जो उसकी पहचान, सुरक्षा या सड़क पर चलने की स्थिति को प्रभावित करते हों। इसके तहत कार की बाहरी सतह को बड़ी मात्रा में किसी सामग्री से ढकना भी अनधिकृत बदलाव के तौर पर देखा जा सकता है।
इसके अलावा सार्वजनिक सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाने और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने से जुड़े प्रावधान भी लागू हो सकते हैं। इन्हीं आधारों पर अलग-अलग धाराओं में करीब 5,500 रुपये का चालान काटा गया।
रील्स बनाने में लगे साढ़े तीन घंटे
जानकारी के अनुसार, कार पर करीब 3,400 लिपस्टिक किस के निशान लगाए गए थे। इसे तैयार करने में करीब साढ़े तीन घंटे लगे और लिपस्टिक पर 800 से 900 रुपये खर्च हुए। वीडियो तैयार करने के बाद इसे सोशल मीडिया साइट पर पोस्ट किया गया था।
महिला दोस्त के आइडिया पर बनाई थी किसिंग कार
पूछताछ में आदित्य ने बताया कि किसिंग कार का आइडिया उसकी एक महिला दोस्त का था। दोनों ने सोशल मीडिया पर चल रहे ट्रेंड को देखकर रील बनाने का फैसला किया था। आदित्य ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करने की बात भी स्वीकार की।
कार मालिक ने मानी गलती
पुलिस की कार्रवाई के बाद आदित्य ने अपनी गलती स्वीकार कर पुलिस का बनाया 5500 का चालान भी भर दिया। इसके बाद उसने पुलिस स्टेशन परिसर में खुद कार से लिपस्टिक के निशान साफ किए। साथ ही अपनी इंस्टाग्राम आईडी भी बंद कर दी।