ग्वालियर। मध्य प्रदेश में त्योहारों से ठीक पहले ग्वालियर पुलिस ने कार्बाइड गन के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट की है। सिरोल के एक कारखाने और मुरार क्षेत्र की दो दुकानों पर छापेमारी कर पुलिस ने कुल 66 कार्बाइड गन जब्त की है। कार्बाइड गन के खिलाफ प्रदेश में हुई बड़ी कार्रवाइयों में इसे गिना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद तेज हुआ अभियान
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश के बाद पुलिस ने त्योहारों के दौरान अवैध और खतरनाक गतिविधियों पर कार्रवाईि तेज कर दी है। एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें हार्डवेयर दुकानों, फैब्रिकेशन यूनिट और कैल्शियम कार्बाइड बेचने वाले प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है।
सिरोल के कारखाने में मिलीं 58 गन
पुलिस को सूचना मिली थी कि सिरोल चौराहे के पास मां पीतांबरा स्टील ट्रेडर्स कनाम के कारखाने में बड़ी संख्या में कार्बाइड गन बन रही हैं। सिरोल थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने वहां पहुंचकर जांच की। कारखाने में तैयार हालत में 47 सिंगल, 10 डबल और एक पांच वाली गन मिली। इस तरह जांच में कुल 58 गन बरामद हुईं। मौके से पोटास के पांच पैकेट भी मिले।
इन पर कार्रवाई हुई
पुलिस ने कारखाने के संचालक रमन ओझा, निवासी शिवनगर, सिरोल के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सूचना मिलने पर एसएसपी धर्मवीर सिंह खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने कारखाने का निरीक्षण किया। बरामद सामान की जानकारी ली और थाना प्रभारी को आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुरार की दो दुकानों पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान मुरार थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने घासमंडी क्षेत्र की दो दुकानों पर दबिश दी। अनिल झा की दुकान से 6 गन और काले खान की दुकान से 2 गन जब्त की गईं। दोनों दुकानदारों के खिलाफ मुरार थाने में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की लोगों से अपील
पुलिस ने लोगों से कहा है कि कार्बाइड गन से गंभीर हादसा हो सकता है और चोट लगने का खतरा रहता है। लोग खुद इसका इस्तेमाल न करें और बच्चों को भी ऐसी खतरनाक चीजों से दूर रखें। पुलिस ने साफ किया है कि कार्बाइड गन बनाने और बेचने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।