ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां रुपयों के लेनदेन के लेकर हुए विवाद ने बुधवार की रात को हिंसक रूप ले लिया। हजीरा थाना क्षेत्र के आरा मिल इलाके में दो दोस्तों को घर से बाहर बुलाकर बदमाशों ने गोली मार दी। फायरिंग में एक युवक के पेट और दूसरे के पैर में गोली लगी है। करीब 10 राउंड फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना से पहले हुआ था दोनों पक्षों में विवाद
पुलिस के अनुसार, आरा मिल इलाके में रहने वाले अजय तोमर और सादिक खा3न दोस्त हैं। उनका इलाके के ही धीरज तोमर और अन्नू के साथ रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार की शाम को भी इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था।
रात में घर से बाहर बुलाकर बरसाईं गोलियाँ
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से कुछ गोलियां हवा में और कुछ सीधे दोनों युवकों को निशाना बनाकर चलाई गईं। लगातार गोलियों की आवाज से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले।
पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
फायरिंग की सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को इलाज के लिए जयरोग्य अस्पताल ले जाया गया। अजय के पेट में गोली लगने के कारण उसकी हालत चिंताजनक बताई गई है। वहीं, सादिक के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।