सीतापुर: कल्ली-नैमिष मार्ग पर बुधवार सुबह करीब आठ बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कदम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में हुई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह कार में चार लोग सवार होकर जा रहे थे। कल्ली-नैमिष मार्ग पर अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे कदम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को महमूदाबाद अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने बनारस निवासी आकाश गुप्ता (30) पुत्र राजीव गुप्ता और यश गुप्ता (25) पुत्र राजीव गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कार सवार मां नंदनी गुप्ता (50) की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद सीतापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कार चालक भी गंभीर रूप से घायल बताया गया है।
मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के स्वजन में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया हादसे की वजह तेज रफ्तार में कार का अनियंत्रित होना सामने आ रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्ष भिड़े
रेउसा थाना क्षेत्र के भिठना गांव में जमीन पर कब्जे के दौरान निर्माण कार्य को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में तीन महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेउसा ले जाया गया, जहां दो की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल सीतापुर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार भिठना निवासी प्रेम कुमार अपने परिवार के साथ जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान विपक्षी रामजी कुमार और लाल सिंह ने जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि रामजी कुमार और लाल सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रेम कुमार और उनके परिवार के लोगों पर हमला कर दिया।
मारपीट में राम कुमार, सीमा सिंह, पिंकी देवी, किरण देवी और प्रदीप समेत छह लोग घायल हुए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्वजन घायलों को लेकर सीएचसी रेउसा पहुंचे। चिकित्सकों ने सीमा सिंह और प्रदीप की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार सीएचसी में किया गया।
घटना के संबंध में घायल पक्ष की ओर से रेउसा पुलिस को तहरीर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।