MP Weather Today: मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में अगले 3 दिनों तक तूफानी हवाओं और चमक-गरज के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने पन्ना, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्तमान में तीन प्रमुख मौसम प्रणालियां एक साथ सक्रिय हैं। पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तरी ओडिशा के पास गहरा कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। पश्चिमी मध्य प्रदेश के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास भी परिसंचरण सक्रिय है। इन तीनों सिस्टम के प्रभाव से अगले 24 से 48 घंटों में पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी।
अगले 3 दिनों का मौसम
26 अगस्त: पन्ना, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट। इसके अलावा रायसेन, सीहोर, राजगढ़, देवास, आगर-मालवा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, डिंडोरी, कटनी, मंडला, सागर और छतरपुर में भारी बारिश की संभावना है। भोपाल समेत शेष जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी।
27 अगस्त: बारिश का सिस्टम कमजोर नहीं पड़ेगा। नर्मदापुरम, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तेज बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा।
28 अगस्त: पूर्वी मध्य प्रदेश के साथ-साथ मालवा-निमाड़ अंचल (इंदौर, उज्जैन संभाग) में रुक-रुककर बारिश होगी। फिलहाल मौसम पूरी तरह साफ होने के आसार नहीं हैं।
इन 7 जिलों में बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग ने बारिश के तीव्र दौर को देखते हुए रीवा, सतना, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, भिंड और दतिया जिलों के निचले इलाकों में अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई है और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटों का हाल
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई। निवाड़ी जिले के ओरछा में सर्वाधिक 109 मिमी (4.29 इंच) बारिश हुई। तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान श्योपुर में 34.4°C और सबसे कम न्यूनतम तापमान धार में 20.5°C दर्ज किया गया।