CG Holiday Calendar 2027: छत्तीसगढ़ सरकार ने साल 2027 के लिए शासकीय, सार्वजनिक और ऐच्छिक छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने 27 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित की। नए साल 2027 के दौरान सरकारी कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए कुल 110 अवकाश घोषित किए गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार छुट्टियों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है।
सार्वजनिक अवकाश: 19 दिन, यह छुट्टियां सभी सरकारी कार्यालयों, बैंकों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में लागू रहेंगी।
सामान्य अवकाश: 29 दिन, यह अवकाश राज्य शासन के अधीन आने वाले सभी शासकीय कार्यालयों और संस्थाओं के लिए घोषित किए गए हैं।
ऐच्छिक अवकाश: 62 दिन, सरकारी कर्मचारी अपनी धार्मिक और व्यक्तिगत प्राथमिकताओं के आधार पर साल भर में तय सीमा के अनुसार इन ऐच्छिक छुट्टियों का लाभ उठा सकेंगे।
जिला प्रशासन को भी निर्देश
राजपत्र में प्रकाशित आदेश के अनुसार, सार्वजनिक छुट्टियों के अलावा स्थानीय परिस्थितियों और पारंपरिक पर्वों को ध्यान में रखते हुए जिला स्तर पर भी कलेक्टरों को स्थानीय अवकाश घोषित करने का अधिकार दिया गया है। राज्योत्सव, हरेली, तीज और छठ पूजा जैसे क्षेत्रीय त्योहारों के अवकाश सूची में स्थान दिया गया है।




