Amit Shah Visit Lucknow: उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 30 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ आ रहे है। शाह अपने दौरे के दौरान बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे और 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों की हाई-लेवल समीक्षा करेंगे।
बैठक में कौन-कौन रहेगा मौजूद?
राजधानी लखनऊ में होने वाली इस बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और सरकार के प्रमुख चेहरे शामिल होंगे। जिनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय सह-प्रभारी व राष्ट्रीय पदाधिकारी, केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
पेश होगा विधायकों का रिपोर्ट कार्ड!
अमित शाह अपने इस दौरे के दौरान प्रदेश और जिला स्तर पर संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनावी रणनीतियों का कड़ा जायजा लेंगे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बैठक के दौरान पार्टी नेताओं के सामने जनप्रतिनिधियों और विधायकों के प्रदर्शन का रिपोर्ट कार्ड भी रखा जा सकता है, जिसके आधार पर आगे की कार्ययोजना तय होगी।