ब्यूरो रिपोर्ट, अमेठी: अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत संग्रामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की छह मोटरसाइकिलों के साथ तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिलों की पहचान भी की है, जिनकी चोरी के संबंध में संग्रामपुर और गौरीगंज थाने में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्र के नेतृत्व में संग्रामपुर पुलिस 21 सितंबर को क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ओझा का पुरवा बाग में छह मोटरसाइकिलों के साथ खड़े तीन संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल यादव, निवासी शुकुलडीह मजरे मेदनमवई थाना मुंशीगंज, उम्र 27 वर्ष, गजाधर वर्मा, निवासी नया पुरवा मौजा जोगापुर अंबरपुर थाना संग्रामपुर, उम्र 32 वर्ष और आदित्य उर्फ करन, निवासी पांडेय का पुरवा मौजा टिकरिया थाना गौरीगंज, उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद मोटरसाइकिलें चोरी की हैं और उन्होंने मिलकर अलग-अलग स्थानों से इन्हें चोरी किया था। आरोपियों ने बताया कि पकड़े जाने के डर से वे मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट खुरचकर मिटा देते थे या फिर फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे। बरामद वाहनों में होंडा एसपी नंबर UP 72 BQ 0138, हीरो स्प्लेंडर प्लस नंबर UP 36 8380, बजाज पल्सर नंबर UP 44Q 0831, एक हीरो स्प्लेंडर, हीरो होंडा पैशन और बजाज प्लेटिना शामिल हैं। इनमें तीन बाइक बिना नंबर प्लेट के मिलीं।
पुलिस के अनुसार होंडा एसपी मोटरसाइकिल 18 सितंबर को विशेषरगंज पुलिया, संग्रामपुर क्षेत्र से चोरी हुई थी, जबकि हीरो स्प्लेंडर प्लस पूरे जगन टिकरिया, थाना गौरीगंज क्षेत्र से चोरी की गई थी। दोनों मामलों में संबंधित थानों पर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।