रायबरेली। जगतपुर के खालेहार गांव में जलभराव की गंभीर समस्या से परेशान ग्रामीणों ने गुरुवार को जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि रायबरेली-प्रयागराज हाईवे के निर्माण के दौरान गांव के प्राकृतिक नाले को बंद कर दिया गया। जिसके कारण बारिश का पानी गांव और खेतों में जमा हो रहा है।
डूबी किसानों की फसले
जलभराव के चलते किसानों की धान की खड़ी फसल पानी में डूब गई है। और लगातार पानी भरा रहने से फसल सड़ने की स्थिति में पहुंच गई है। गांव निवासी कमलेश तिवारी ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों द्वारा पूर्व में दो बार जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी जा चुकी है। अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी जलभराव के कारण धान की फसल बर्बाद हो गई थी। इस वर्ष भी किसानों के सामने वही संकट खड़ा हो गया। एक तरफ रेलवे लाइन, दूसरी तरफ गंगा एक्सप्रेसवे और गांव की जलनिकासी का रास्ता बंद होने के कारण ग्रामीण चारों तरफ से परेशान हैं। किसानों की मेहनत और उनकी धान की फसल पानी में डूब रही है। जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता से समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं।
प्रशासन से किसानों की मांग
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तत्काल मौके पर अधिकारियों को भेजकर जलनिकासी की व्यवस्था कराई जाए तथा हाईवे निर्माण के दौरान बंद किए गए नाले को पुनः बनवाकर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल और ग्रामीणों के जीवन से जुड़ी इस गंभीर समस्या पर अब तत्काल कार्रवाई आवश्यक है।
ग्रामीणों की चेतावनी
ग्रामीण पूरन प्रसाद तिवारी त्रिवेदी देवनारायण त्रिवेदी आजाद,भारत,आशु ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया जाएगा और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की जाएगी।