अतुल मोहन सिंह,लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज प्रदेश की बुजुर्ग महिलाओं और अन्नदाता किसानों को एक साथ दो बड़ी सौगातें देने जा रहे हैं। राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी 'अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना' का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही कृषि क्षेत्र में उत्पादकता और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सरकार कई प्रमुख कंपनियों के साथ महत्वपूर्ण समझौते भी करेगी।
महिलाओं को फ्री बस सफर का तोहफा
मातृशक्ति के सम्मान और उनकी सुगम यात्रा को समर्पित 'अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना' के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु की बुजुर्ग महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुजुर्ग महिलाओं के लिए समर्पित विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
कृषि क्षेत्र का डिजिटलीकरण
कार्यक्रम का दूसरा प्रमुख केंद्र प्रदेश के कृषि क्षेत्र का आधुनिकीकरण और किसानों की आय में वृद्धि करना है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से कृषि क्षेत्र में उत्पादकता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार 'यूपी-एग्रीज' पहल के तहत कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर करेगी। इन समझौतों के जरिए उत्तर प्रदेश के कृषि क्षेत्र को आधुनिक डिजिटल तकनीक, बेहतर बाजार पहुंच और स्मार्ट फार्मिंग समाधानों से जोड़ा जाएगा, जिससे किसानों की लागत कम होगी और उनकी आय में बढ़ोतरी होगी।