Gaindas Buzurg News

Gaindas Buzurg News: एक रेडियोलॉजिस्ट के भरोसे चल रहे 2 केंद्र, गैंडास बुजुर्ग में बड़ा खेल

गैंडास बुजुर्ग  क्षेत्र में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग के नियमों की खुलेआम अनदेखी कर मरीजों से मनमाना शुल्क वसूला जा रहा है।

By : विकास जैन
Gaindas Buzurg News: एक रेडियोलॉजिस्ट के भरोसे चल रहे 2 केंद्र, गैंडास बुजुर्ग में बड़ा खेल

Gaindas Buzurg News: एक रेडियोलॉजिस्ट के भरोसे चल रहे 2 केंद्र, गैंडास बुजुर्ग में बड़ा खेल

​बलरामपुर: गैंडास बुजुर्ग  क्षेत्र में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग के नियमों की खुलेआम अनदेखी कर मरीजों से मनमाना शुल्क वसूला जा रहा है। क्षेत्र में अधिकृत रूप से केवल पांच केंद्र—एसडी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर, बलरामपुर पैथोलॉजी, सविता पैथोलॉजी, जनता डायग्नोस्टिक सेंटर और इंडियन पैथोलॉजी पंजीकृत हैं। इनमें से जनता डायग्नोस्टिक सेंटर और बलरामपुर पैथोलॉजी दोनों का संचालन कथित रूप से एक ही रेडियोलॉजिस्ट के नाम पर दर्ज है।

​एक ही विशेषज्ञ के नाम पर दोनों केंद्र संचालित होने के बाद यहां अल्ट्रासाउंड की जांच दर 700 रुपये से बढ़ाकर सीधे 1200 रुपये प्रति मरीज कर दी गई है, जबकि क्षेत्र के बाकी केंद्रों पर निर्धारित 700 रुपये ही लिए जा रहे हैं। दोनों स्थानों पर प्रतिदिन औसतन लगभग 100 अल्ट्रासाउंड किए जाते हैं। नियमत: एक ही रेडियोलॉजिस्ट का एक ही समय में दोनों अलग-अलग स्थानों पर भौतिक रूप से मौजूद रहना संभव नहीं है।

​इस व्यवस्थागत झोल को छिपाने के लिए मरीजों को दी जाने वाली अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट पर परीक्षण की तारीख और समय का स्पष्ट अंकन नहीं किया जाता, जिससे विशेषज्ञ की दोहरी उपस्थिति की पुष्टि न हो सके। समय और विवरण के अभाव के कारण बाहरी क्षेत्रों के चिकित्सक इन रिपोर्टों की प्रामाणिकता पर सवाल उठाते हुए इन्हें स्वीकार करने से मना कर देते हैं। इसके चलते गंभीर मरीजों को बाहर जाकर दोबारा धन खर्च कर जांच करानी पड़ती है। क्षेत्र में इस स्थिति को लेकर चर्चा बनी हुई है, किंतु संबंधित महकमा अब तक इस ओर उदासीन दिखाई दे रहा है।