Anandpur Crime News

Anandpur Crime: एमपी ऑनलाइन संचालक पर नकाबपोशों का हमला, डंडे से की मारपीट

मध्य प्रदेश के आनंदपुर थाना अंतर्गत कालादेव में एक एमपी ऑनलाइन दुकान संचालक पर 8 नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने तू बहुत नेतागिरी कर रहा है...

By : विकास जैन
Anandpur Crime: एमपी ऑनलाइन संचालक पर नकाबपोशों का हमला, डंडे से की मारपीट

Anandpur Crime: एमपी ऑनलाइन संचालक पर नकाबपोशों का हमला, डंडे से की मारपीट

आनंदपुर से आशुतोष: मध्य प्रदेश के आनंदपुर थाना अंतर्गत कालादेव में एक एमपी ऑनलाइन दुकान संचालक पर 8 नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने तू बहुत नेतागिरी कर रहा है... कहते हुए दुकान में घुसकर लाठी-डंडों, गैंती और फावड़े के बैंट से अंधाधुंध पिटाई कर दी। घटना के पीछे स्थानीय शासकीय स्कूल में जारी अव्यवस्थाओं की शिकायत को लेकर पैदा हुई रंजिश बताई जा रही है। 

दुकान खोलते ही हमलावरों का हमला

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित सियाराम गुर्जर निवासी कालादेव का कहना है कि शनिवार सुबह वह अपनी एमपी ऑनलाइन की दुकान खोलकर सफाई कर रहे थे। इसी दौरान आरोन की ओर से एक संदिग्ध बोलेरो जीप दुकान से थोड़ी दूरी पर आकर रुकी। जीप से उतरते ही मुंह पर कपड़ा बांधे 8 अज्ञात बदमाश हाथों में लकड़ी के बैंट लेकर दुकान में घुसे और बिना कुछ सोचे-समझे मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में सियाराम के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

स्कूल की शिकायत बनी रंजिश!

घायल अवस्था में पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। सियाराम का आरोप है कि उन्होंने कालादेव हाईस्कूल की अव्यवस्थाओं और धांधली को लेकर कई वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की थी। इस शिकायत के बाद स्कूल की प्राचार्या ने उन्हें पहले भी परिणाम भुगतने की धमकियां दी थीं। पीड़ित ने आशंका जताई है कि इसी रंजिश के तहत उन पर यह सुनियोजित हमला कराया गया है।

प्राचार्या ने आरोपों को बताया निराधार

वहीं दूसरी ओर, स्कूल की प्राचार्या गीता साहू ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा, मैं विभागीय बैठक के सिलसिले में विदिशा में हूं। मेरे खिलाफ लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह झूठे और निराधार हैं। आनंदपुर पुलिस ने पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध बोलेरो वाहन और हमलावरों की तलाश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और आरोपियों का खुलासा हो सकेगा।