Bhopal 5 Deaths News

Bhopal 5 Deaths: राजधानी भोपाल में सामूहिक हत्याकांड!, मिली एक ही परिवार के पांच लोगों की लाशें

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र स्थित मालीखेड़ी इलाके से एक बड़ी घटना सामने आई है।

By : विकास जैन
Bhopal 5 Deaths: राजधानी भोपाल में सामूहिक हत्याकांड!, मिली एक ही परिवार के पांच लोगों की लाशें

Bhopal 5 Deaths: राजधानी भोपाल में सामूहिक हत्याकांड!, मिली एक ही परिवार के पांच लोगों की लाशें

Bhopal 5 Deaths: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र स्थित मालीखेड़ी इलाके से एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां गौर मैरिज गार्डन के आगे बनी मल्टी में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से हड़कंप मच गया है। शुरुआती जांच अनुसार, परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू ने अपनी मां, पत्नी और दो मासूम बच्चों की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी और उसके बाद खुद सूखी सेवनिया क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।

घर के अंदर मिलीं 4 लाशें

मिली जानकारी के अनुसार छोला मंदिर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मालीखेड़ी की मल्टी में स्थित एक मकान में चार लोगों के शव पड़े हैं। जिसके बाद पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि घर के अंदर एक बुजुर्ग महिला, एक महिला और दो छोटे बच्चों के शव लहूलुहान हालत में पड़े थे। सभी का गला रेता गया था। मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), 10 वर्षीय मासूम बेटी कृति साहू और 6 वर्षीय बेटे खुश साहू के रूप में हुई है।

रेलवे ट्रैक पर मिली मुखिया की लाश

घर में 4 लाशें मिलने के साथ ही थाना सूखी सेवनिया क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर एक पुरुष का क्षत-विक्षत शव मिला है। मृतक पुरुष की शिनाख्त परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू के रूप में हुई है। शुरुआती जांच के अनुसार माना जा रहा है कि नरेंद्र साहू ने गृहकलेश या किसी अज्ञात कारणों के चलते पहले अपने पूरे परिवार की हत्या की और फिर रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर सुसाइड कर लिया।

मौके पर पुलिस अधिकारी, जांच जारी 

घटना की जानकारी लगते ही पुलिस अधिकारी, फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स मौके पर पहुंच गए हैं। घर को सील कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर नरेंद्र साहू ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया और इस सामूहिक हत्याकांड व आत्महत्या के पीछे की मुख्य वजह क्या थी।