Deendayal Dham: पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मभूमि दीनदयाल धाम में आगामी 7, 8, 9 और 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव एवं मेले की तैयारियों को लेकर रविवार को पंडित दीनदयाल सेकेंडरी स्कूल में मेला समिति की बैठक हुई। बैठक में समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। इस दौरान मेले को भव्य और व्यवस्थित बनाने को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा पदाधिकारियों और सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव रखे।
7 से 10 अक्टूबर तक होगा मेला
मेला समिति के अध्यक्ष सोहनलाल शर्मा ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मभूमि पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला मेला इस वर्ष भी 7 से 10 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, विचार गोष्ठी, रसिया दंगल, कवि सम्मेलन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने बताया कि मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
मेले में होंगे कई आयोजन
दीनदयाल धाम के निदेशक सोनपाल ने बताया कि बैठक में सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के साथ गोपालन, गोसंरक्षण एवं संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण और जैविक खेती जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय, रोजगार, स्वावलंबन, शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और सामाजिक समरसता के विचारों को केंद्र में रखते हुए कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पदाधिकारियों ने दिए सुझाव
बैठक में समिति के सदस्यों ने मेले की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। पदाधिकारियों ने सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने तथा मेले को व्यवस्थित एवं भव्य रूप देने पर जोर दिया। बैठक के दौरान संरक्षक डॉ रोशन, संरक्षक अशोक टेंटीवाल, शिव शंकर शर्मा, भिकम चंद दुवे, सोभाराम शर्मा, मेला समिति के मंत्री मनीष अग्रवाल, मेला समिति के कोषाध्यक्ष नारायण पाठक, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनूप चौधरी, सोभा राम शर्मा, प्रधानाचार्य लोकेश्वर प्रताप सिंह, राम पाठक, पारस ठाकुर, नरेंद्र शर्मा, बबीता पाठक और कमलेश चौहान मौजूद रहे।