MP Cabinet Decisions: मंत्रालय में मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मध्य प्रदेश कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के युवाओं, स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं से जुड़े कई फैसले लिए गए। कैबिनेट बैठक के निर्णयों की जानकारी एमएसएमई मंत्री चेतन्य कश्यप ने प्रेस ब्रीफिंग में दी।
बनेंगे मुख्यमंत्री स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
प्रदेश की 230 विधानसभाओं में से वर्तमान में जिन 140 क्षेत्रों में बेहतर खेल सुविधाएं नहीं हैं, वहां 907 करोड़ की कुल लागत से मुख्यमंत्री स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। जिन विधानसभा क्षेत्रों में 10 हजार एकड़ से अधिक भूमि उपलब्ध होगी, वहां 7 करोड़ की लागत से आधुनिक इनडोर और आउटडोर स्टेडियम बनाए जाएंगे। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बीच में एक हेलीपैड भी बनाया जाएगा, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से एयरलिफ्ट किया जा सके।
25 सितंबर से दौड़ेंगी 350 बसें
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना के तहत 25 सितंबर से प्रदेशभर में 350 से अधिक नई बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इस सेवा का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी हरी झंडी दिखाकर करेंगे। मार्च 2027 तक निजी ऑपरेटरों के साथ एग्रीमेंट कर बसें चलाई जाएंगी, जिनमें इलेक्ट्रिक बसों को प्राथमिकता मिलेगी। राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक प्रदेश में 14,000 से अधिक बसों का संचालन करने का है।
2800 मेगावाट बिजली खरीद और अन्य निर्णय
वर्ष 2037 तक की बिजली मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 2800 मेगावाट थर्मल पावर खरीदने का बड़ा निर्णय लिया है। औद्योगिक दृष्टि से सिंगरौली और रतलाम की हवाई पट्टियों को विकसित हवाई अड्डे में बदलने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। इंदौर के शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय में यूजी की सीटें 63 से बढ़ाकर 100 और पीजी की सीटें 35 से बढ़ाकर 44 करने को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा कई जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के लिए 9,061 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई।