Hockey Wali Sarpanch

Hockey Wali Sarpanch: 'हॉकी वाली सरपंच' नीरू यादव को आचार्य द्विवेदी युग प्रेरक सम्मान

गांव की तस्वीर बदलने वाली 'हॉकी वाली सरपंच' नीरू यादव, एशिया की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव और वरिष्ठ पत्रकार शंभूनाथ शुक्ल को इस वर्ष आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी स्मृति न्यास के प्रतिष्ठित...

By : विकास जैन
Hockey Wali Sarpanch: 'हॉकी वाली सरपंच' नीरू यादव को आचार्य द्विवेदी युग प्रेरक सम्मान

Hockey Wali Sarpanch: 'हॉकी वाली सरपंच' नीरू यादव को आचार्य द्विवेदी युग प्रेरक सम्मान

- एशिया की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव को लोक सेवा सम्मान
- वरिष्ठ पत्रकार शंभूनाथ शुक्ल को प्रभाष जोशी स्मृति पत्रकारिता सम्मान
- 13 नवंबर को आयोजित पुस्तक मेले में प्रदान किए जाएंगे सभी सम्मान
- पंजाबी लेखक द्वारका भारती होंगे समारोह के मुख्य अतिथि

Hockey Wali Sarpanch: रायबरेली। गांव की तस्वीर बदलने वाली 'हॉकी वाली सरपंच' नीरू यादव, एशिया की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव और वरिष्ठ पत्रकार शंभूनाथ शुक्ल को इस वर्ष आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी स्मृति न्यास के प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जाएगा। न्यास के निर्णायक मंडल ने वर्ष 2026 के सम्मानों की घोषणा कर दी है।

राजस्थान के झुंझुनू जिले के लाम्बी अहीर गांव की चर्चित सरपंच नीरू यादव को 'आचार्य द्विवेदी युग प्रेरक सम्मान' दिया जाएगा। यह सम्मान उन्हें 13 नवंबर को फ़ीरोज़ गांधी कॉलेज के मैदान में आयोजित होने जा रहे आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी स्मृति पुस्तक मेले के औपचारिक उद्घाटन एवं सम्मान समारोह में प्रदान किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि पंजाबी लेखक द्वारका भारती होंगे। इस अवसर पर ओलंपिक खिलाड़ी पद्मश्री सुधा सिंह एवं उत्तर प्रदेश की चर्चित सरपंच सुश्री स्मृति सिंह विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगी।

न्यास के संयोजक गौरव अवस्थी ने बताया कि आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी ब्रिटिश शासन काल में आचार्य द्विवेदी भी अपने गांव दौलतपुर के सरपंच रहे और महात्मा गांधी के आह्वान से बहुत वर्ष पहले 'स्वच्छ ग्राम' का आदर्श प्रस्तुत किया था। उनके इसी पक्ष को याद करते हुए देश की चर्चित सरपंच नीरू यादव को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। नीरू यादव ने सरपंच के रूप में अपने गांव को आदर्श रूप देने के साथ महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय काम किया है। वह कई बार संयुक्त राष्ट्र में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर महिला सशक्तीकरण की आवाज उठाती रही हैं।

सुरेखा यादव को लोक सेवा सम्मान

आचार्य द्विवेदी राष्ट्रीय स्मारक समिति के अध्यक्ष विनोद शुक्ला ने बताया कि डॉ. राम मनोहर त्रिपाठी लोक सेवा सम्मान एशिया की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव को प्रदान किया जाएगा। करीब तीन दशक तक रेलवे में सेवा देने के बाद सुरेखा यादव पिछले वर्ष सेवानिवृत्त हुई हैं। रेलवे के पुरुष वर्चस्व वाले क्षेत्र में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई और महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनीं।

शंभूनाथ शुक्ल को पत्रकारिता सम्मान

प्रभाष जोशी स्मृति पत्रकारिता सम्मान दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार शंभूनाथ शुक्ल को दिया जाएगा। शुक्ल जनसत्ता और अमर उजाला में संपादकीय दायित्व निभाते हुए जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण से की थी। प्रभाष जोशी के साथ भी उन्होंने लंबे समय तक काम किया है।

इंटर की टॉपर नंदिनी भी होंगी सम्मानित

पुस्तक मेला संयोजक करुणा शंकर मिश्र ने बताया कि शिवानंद मिश्र 'लाले' सम्मान इस वर्ष जनपद की इंटरमीडिएट टॉपर छात्रा नंदिनी गुप्ता को दिया जाएगा। वीणा पाणि इंटर कॉलेज, मलिकमऊ की छात्रा नंदिनी ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 500 में से 469 अंक हासिल कर जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। उन्होंने बताया कि सभी सम्मानित व्यक्तियों को श्रीफल, अंगवस्त्र और सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।