UP Police Alert: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आयोजित किए जाने वाले विरोध प्रदर्शन को लेकर उत्तर प्रदेश और दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा के मजबूत इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली से सटे नोएडा के चिल्ला बॉर्डर और गाजियाबाद की सीमाओं को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा बलों की तैनाती, मल्टी-लेयर बैरिकेडिंग और चेकिंग अभियान के चलते आवाजाही प्रभावित हुई है, वहीं 100 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।
चिल्ला और गाजियाबाद बॉर्डर पर हाई अलर्ट
नोएडा-दिल्ली चिल्ला बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यहां दिल्ली पुलिस, नोएडा पुलिस के साथ-साथ BSF के जवानों को तैनात किया गया है। आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए लोहे और आरसीसी की बैरिकेडिंग के साथ क्रेन, पानी के बड़े टैंकर, बसें और एंबुलेंस भी मुस्तैद रखी गई हैं।
गाजियाबाद की सीमाएं सील
गाजीपुर, लोनी, तुलसी निकेतन और नया बस अड्डा समेत दिल्ली से जुड़ने वाले सभी एंट्री प्वाइंट्स पर पुलिस कमिश्नर के निर्देशानुसार कड़ी चेकिंग की जा रही है। बॉर्डर से गुजरने वाली हर छोटी-बड़ी गाड़ी, बस, ऑटो और बाइक की तलाशी ली जा रही है। संदिग्ध दिखने वाले लोगों और झंडे-बैनर लेकर गुजरने वालों से पूछताछ की जा रही है।
धारा 163 लागू, लखनऊ में नेताओं की नजरबंदी
नोएडा के एडिशनल डीसीपी अभय कुमार मिश्रा के अनुसार जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए BNSS की धारा 163 लागू की गई है। इसी के तहत संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पैनी नजर रखी जा रही है। वही राजधानी लखनऊ में प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे CPI(ML) लिबरेशन के जिला सचिव रमेश सेंगर को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया गया है। इसके अलावा, NSUI के कई पदाधिकारियों और छात्रों को भी हिरासत में लिया गया है।
100 से ज्यादा ट्रेनें रद्द, यात्री प्रभावित
CJP प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश के कई शहरों से नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन आने-जाने वाली 100 से अधिक ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जिससे करीब डेढ़ लाख रेल यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा रहा है। इसके अलावा, मेरठ से दिल्ली की ओर संचालित होने वाली नमो भारत ट्रेनें आनंद विहार तक ही संचालित की जा रही हैं।