योगेन्द्र मिश्र,"योगी",लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से करीब एक साल पहले भाजपा ने पिछड़े वर्ग के बीच संपर्क बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर 21 अगस्त को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में ‘हिंदू गौरव दिवस’ आयोजित होगा। इसी दिन भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश के सभी जिलों में कार्यक्रम करेगा। राजधानी में लोधी समाज की जुटान और जिलों में ओबीसी मोर्चे की सक्रियता को पार्टी के सामाजिक संपर्क अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।
ये नेता होंगे शामिल
इकाना में सुबह 11 बजे होने वाले कार्यक्रम में पूर्व सांसद राजवीर सिंह ‘राजू भैया’, प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री संदीप सिंह और अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ सिंह वर्मा शामिल होंगे। कार्यक्रम के आयोजक भाजपा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी हैं।
एक दिन, दो स्तरों पर सक्रियता
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने 21 अगस्त को सभी जिलों में कार्यक्रम तय किए हैं। जहां कल्याण सिंह की प्रतिमाएं हैं, वहां साफ-सफाई, दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण होगा। अन्य जिलों में चित्र पर श्रद्धांजलि और गोष्ठियां होंगी। इनमें कल्याण सिंह के राजनीतिक जीवन, राम मंदिर आंदोलन में उनकी भूमिका और पिछड़े समाज के लिए उनके योगदान को सामने रखा जाएगा। लखनऊ में लोधी समाज की जुटान के साथ प्रदेशभर में ओबीसी मोर्चे की सक्रियता से 21 अगस्त को भाजपा के कार्यक्रमों का दायरा राजधानी से लेकर जिलों तक नजर आएगा।
कल्याण सिं, हिंदुत्व और ओबीसी का चेहरा
कल्याण सिंह की राजनीतिक पहचान राम मंदिर आंदोलन और पिछड़े वर्ग, दोनों से जुड़ी रही। 1991 में मुख्यमंत्री बनने के बाद राम मंदिर आंदोलन के निर्णायक दौर में उनकी भूमिका ने उन्हें भाजपा के प्रमुख हिंदुत्ववादी नेताओं में स्थापित किया। वहीं लोधी समाज में उनका प्रभाव उन्हें गैर-यादव पिछड़ा वर्ग के बीच भी प्रभावशाली नेता बनाता रहा। इसी वजह से उनकी पुण्यतिथि पर होने वाले कार्यक्रमों में राजनीतिक विरासत के साथ सामाजिक आधार को भी प्रमुखता मिल रही है।
पीडीए के बीच ओबीसी समाज पर जोर
2027 के चुनाव से पहले सपा के पीडीए अभियान के बीच पिछड़े वर्गों को लेकर भाजपा की सक्रियता बढ़ी है। कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर ओबीसी मोर्चे के प्रदेशव्यापी कार्यक्रम इसी क्रम में महत्वपूर्ण हैं। आयोजनों में पिछड़े समाज के महापुरुषों के योगदान और सम्मान का मुद्दा भी उठाया जाएगा। भाजपा ने हाल ही में उत्तर प्रदेश से जुड़े अमरपाल मौर्य को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसे में कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर ओबीसी मोर्चे को प्रदेशभर में सक्रिय करना पार्टी के पिछड़ा वर्ग संपर्क अभियान की अगली कड़ी माना जा रहा है।
इकाना में लोधी समाज की जुटान
इकाना में कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि, ‘हिंदू गौरव दिवस’ और लोधी समाज से जुड़े प्रमुख चेहरों की मौजूदगी एक साथ होगी। वहीं प्रदेश के जिलों में ओबीसी मोर्चा कल्याण सिंह की विरासत और पिछड़े समाज में उनके योगदान को लेकर कार्यक्रम करेगा। यानी 21 अगस्त को भाजपा का अभियान लखनऊ में लोधी समाज की जुटान और प्रदेशभर में ओबीसी संपर्क—दोनों स्तरों पर दिखाई देगा।