राजेश जायसवाल,महराजगंज: नौतनवा थाना क्षेत्र में कथित खुलेआम शराबखोरी को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। आरोप है कि कस्बे टूटी चौराहा जैन टॉकीज के पास को मार्केट चौराहे रेलवे स्टेशन गौशाला और नौतनवा इंटर कॉलेज जैसे कई स्थानों पर चाय, अंडा और चाउमीन की दुकानों के आसपास शराब पीने-पिलाने का सिलसिला चलता है। एक कॉलेज के पास भी खुलेआम सुबह 6:00 से ही नेपाली शराब की बिक्री होने की शिकायत सामने आई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रिहायशी इलाकों में संचालित कंपोजिट शराब की दुकानों के आसपास शाम होते ही खुलेआम शराब पीने वालों की भीड़ जुटने लगती है। सड़क किनारे ठेले-खोमचों और दुकानों के आसपास बैठकर शराब पीने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। आरोप यह भी है कि कुछ लोग नशे की हालत में आने-जाने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
इन दिनों नवरात्र के चलते जगह-जगह मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पूजा पंडालों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं, महिलाओं और बच्चों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और नशे में हुड़दंग की शिकायतें लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रिहायशी इलाकों में शराब पीने-पिलाने की गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
अब सवाल यह है कि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदार विभाग कब प्रभावी कदम उठाएंगे? स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुलिस नियमित गश्त बढ़ाकर शराब पीकर उत्पात मचाने वालों पर कार्रवाई करेगी, ताकि महिलाएं और अन्य श्रद्धालु बिना किसी भय के आवागमन कर सकें।