Balrampur Durga Pandal Accident

Balrampur Accident: बलरामपुर में दुर्गा पंडाल में बेकाबू कार ने कई लोगों को रौंदा, 3 की मौत, 4 गंभीर

जनपद के देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित चरनगहिया बेल्हा गांव में शनिवार रात आस्था और उत्सव का माहौल अचानक मातम में तब्दील हो गया...

By : विकास जैन
Balrampur Accident: बलरामपुर में दुर्गा पंडाल में बेकाबू कार ने कई लोगों को रौंदा, 3 की मौत, 4 गंभीर

Balrampur Accident: बलरामपुर में दुर्गा पंडाल में बेकाबू कार ने कई लोगों को रौंदा, 3 की मौत, 4 गंभीर

बलरामपुर। जनपद के देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित चरनगहिया बेल्हा गांव में शनिवार रात आस्था और उत्सव का माहौल अचानक मातम में तब्दील हो गया, जब एक बेकाबू तेज रफ्तार कार सड़क किनारे लगे टेंट को चीरते हुए भीड़ पर चढ़ गई। इस भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई।

टेंट के अंदर घुसी तेज रफ्तार कार 

चरनगहिया बेल्हा गांव में मुख्य सड़क किनारे दुर्गा माता का मंदिर स्थित है। मंदिर के समीप ही सड़क से नीचे टेंट लगाकर पर्दे पर ग्रामीणों को धार्मिक वीडियो दिखाया जा रहा था, जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। शनिवार रात करीब 10:30 बजे एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार टेंट का हिस्सा तोड़ते हुए भीतर बैठे लोगों को रौंदती निकल गई। इस टक्कर की चपेट में आने से टेंट में मौजूद सात लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे में वहां खड़ी एक बाइक और कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में तीन की मौत

घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली और देहात कोतवाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मनोज सिंह (30), गणेश कुमार (40) और पातेश्वरी (36) को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल छेदी गुप्ता, डब्लू गुप्ता, मुकेश तिवारी और धूप राम का इलाज जिला मेमोरियल अस्पताल में चल रहा है। कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आई थीं, जिन्होंने अस्पताल में भर्ती होने से इनकार कर दिया।

नशे में था कार चालक

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि वह रात 10 बजे तक पंडाल में ही मौजूद थे, लेकिन एक फोन आने के कारण वह मंदिर की तरफ चले गए। कुछ ही देर बाद कार ने लोगों को कुचल दिया। उपाध्याय के अनुसार कार चालक नशे की हालत में था, हालांकि चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हिरासत में कार चालक

सीओ सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि चरनगहिया बेल्हा में सड़क किनारे पर्दा लगाकर वीडियो देख रहे लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारी थी, जिसमें तीन की मौत हुई है और चार का इलाज जारी है। पुलिस ने घेराबंदी कर दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है तथा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।