Outsourced Workers Age: उत्तर प्रदेश के बिजली विभाग में काम करने वाले करीब 50 हजार आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन और कर्मचारी संगठनों के बीच हुई बैठक के बाद आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी की आयु सीमा बढ़ाने का बड़ा फैसला लिया गया है। इसके तहत अब फिट रहने वाले आउटसोर्स कर्मचारी 55 वर्ष की बजाय 60 साल की उम्र तक अपनी सेवाएं दे सकेंगे।
फिटनेस प्रमाण पत्र और अनुबंध में संशोधन
नए आदेश के अनुसार, ऊर्जा निगमों में काम करने वाले जो आउटसोर्स कर्मचारी शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह फिट रहेंगे, वे 60 वर्ष की आयु तक काम जारी रख सकेंगे। 55 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद कर्मचारियों को चिकित्सा अधिकारी से फिटनेस प्रमाण पत्र देना होगा। साथ ही, उन्हें यह लिखित घोषणा करनी होगी कि वे कार्य करने के लिए पूरी तरह फिट और इच्छुक हैं। इसके लिए आउटसोर्स एजेंसियों के अनुबंधों में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।
पुराने सेवा रिकॉर्ड का सत्यापन
पहले की छंटनी या अन्य कारणों से हटाए गए ऐसे कर्मचारी, जिनका सेवा रिकॉर्ड पूरी तरह बेदाग रहा है, उन्हें दोबारा नौकरी पर रखे जाने पर विचार किया जाएगा। नियुक्ति से पहले संबंधित डिस्कॉम उनके पुराने रिकॉर्ड का सत्यापन करेंगे। जिन कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनहीनता, उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार, बिजली चोरी, अवैध धन उगाही, बिलिंग में गड़बड़ी या अन्य कोई शिकायत दर्ज रही है, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।