सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा विधानसभा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से दर्दनाक हादसा हुआ। अब यह दुखद हादसा लगातार गंभीर रूप लेता जा रहा है। मामले में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 32 तक पहुंच गया है। वहीं, 25 से अधिक गांवों के लगभग 150 लोग इस त्रासदी से प्रभावित हुए हैं। हालांकि, जिला प्रशासन ने अब तक केवल 15 मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है। आंकड़ों में इस बड़े अंतर और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर राजनीति गर्मा गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विदेश दौरे से लौटे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज यानी बुधवार की शाम दिल्ली से सीधे सागर पहुंच रहे हैं। उनके आगमन की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आबकारी विभाग में हड़कंप मच गया है।
पीड़ितों से मिलेंगे मुख्यमंत्री फिर रात्रि विश्राम की संभावना
संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार शाम 4 से 5 बजे के बीच बंडा के प्रभावित क्षेत्र में पहुंचेंगे। वे तितरवारि गांव जाकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा, मुख्यमंत्री बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) पहुंचकर इलाज करा रहे मरीजों का हाल-चाल भी जानेंगे। सूत्रों के अनुसार, सीएम आज रात सागर सर्किट हाउस में रुक सकते हैं और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सकते हैं।
हो सकती है बड़ी दंडात्मक कार्रवाई
मुख्यमंत्री के अचानक बन रहे दौरे को देखते हुए माना जा रहा है कि लापरवाही बरतने वाले पुलिस और आबकारी विभाग के उच्च अधिकारियों पर गाज गिर सकती है। फिलहाल प्रशासन मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा और अन्य तैयारियों में जुटा हुआ है। भले ही जिले में सीएम का दौरा हो रहा हो लेकिन इस मामले को लेकर प्रदेश में सियासत गरमाई हुई है।
राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह ने सरकार को घेरा
इस त्रासदी पर विपक्ष मौजूदा सरकार पर पूरी तरह से हमलावर है। बीते दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के माध्यम से मध्य प्रदेश सरकार और उसकी आबकारी नीति पर तीखा हमला बोला था। वहीं, बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी ट्वीट कर सरकार को घेरते हुए प्रशासनिक मिलीभगत के आरोप लगाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।