Orchha Vijayadashami: विजयादशमी के पावन पर्व पर जिला निवाड़ी के रक्षित केंद्र ओरछा में गरिमामय एवं भव्य 'शस्त्र एवं वाहन पूजन' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक निवाड़ी डॉ. रायसिंह नरवरिया के कुशल निर्देशन एवं गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडितों द्वारा विधि-विधान एवं पूर्ण वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन से हुआ। सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक डॉ. रायसिंह नरवरिया ने उपस्थित विशिष्ट अतिथियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शस्त्रागार में रखे सभी शासकीय हथियारों, आधुनिक असलहों एवं उपकरणों का तिलक लगाकर, कलावा बांधकर और पुष्प अर्पित कर विधिपूर्वक पूजन किया। इसके पश्चात पुलिस विभाग के कार्य संचालन और त्वरित सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले समस्त शासकीय वाहनों का रोली, चंदन, पुष्पमाला एवं आरती कर विधि-विधान से वाहन पूजन संपन्न किया गया।
जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट जन के रूप में निवाड़ी जिलाध्यक्ष राजेश पटेरिया, पृथ्वीपुर विधायक नितेंद्र सिंह राठौर तथा जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहन सक्सेना, डीएफओ मनोज सिंह, विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने पुलिस बल के अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना की सराहना करते हुए विजयादशमी पर्व की बधाई दी
इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा, एसडीओपी निवाड़ी कृष्ण कुमार पांडे, एसडीओपी पृथ्वीपुर संजीव तिवारी, रक्षित निरीक्षक दीपक साहू, जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के विभिन्न शाखाओं के प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
पूजन उपरांत पुलिस अधीक्षक डॉ. रायसिंह नरवरिया ने सभी पुलिसकर्मियों एवं जिलेवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। पुलिस बल के लिए शस्त्र केवल हथियार नहीं, बल्कि समाज में शांति, न्याय और कमजोरों की रक्षा का माध्यम हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों व जवानों को निष्पक्षता, संवेदनशीलता और पूर्ण निष्ठा के साथ आमजन की सुरक्षा एवं सेवा करने के लिए प्रेरित किया।